Showing posts with label love. Show all posts
Showing posts with label love. Show all posts

Thursday, November 10, 2011

कौन सा कपड़ा पहन के गई मम्मा


मैंने अपनी जिंदगी में कई गलतियां की हैं पर सबक उनमें से कुछ ही गलतियों से लिया है। इसे मेरी सबसे बड़ी गलती कह सकते हैं कि सबक लेना जरूरी नहीं समझा...।
अभी मेरा बेटा मुझसे दूर है और कभी कभी इतनी बेचैनी सी उठती है कि लगता है उसे ले आऊं और भींच लूं ऐसे की अब हम दोनों कभी अलग न हो पाएं।
शायद सभी मां को ऐसे ही अनुभव होता हो। पर पता नहीं क्यों मुझे अपराधी सा अहसास होता है लगता है उससे माफी मांग लूं बेटा, गलती हो गई तुम्हें सोता छोड़ आई। बताया भी तो नहीं, कि जा रही हूं अब चार-पांच दिन बाद मिलूंगी।
जब दिल्ली पहुंच कर फोन किया तो उसने एक ही सवाल किया मम्मा तुम कौन सा कपड़ा पहन के चली गई... बस आंखें छलछला उठी। जबकि मुझसे ज्यादा सुरक्षित हाथों में है फिर भी ऐसा अहसास...। हमेशा दिल को लगता है कहीं उसे दिक्कत हो रही होगी।

कुछ ऐसे ही पलों में लिखी पंक्तियां जो अनायास ही दिल में घुमड़ती है :-
जब कोई अपना आपसे छल करे तो कैसा लगता है न...
जब कोई प्यार दिखाए पर उसका कपट दिख जाए तो कैसा लगता है न,
सब जानते हुए भी कुछ न कर पाने की मजबूरी, जैसे गले में कोई भारी गोला सा अटक गया हो,
वो उफ कर के रह जाना कैसा लगता है न...
वो रातों को खुद पर ग्लानि कर आंसू बहाना कैसा लगता है न...
हर बार खुद से यही वादा कि अब ऐसा नहीं होगा दोबारा...
फिर भी वही गलती दोहराना कैसा लगता है न...

Thursday, February 18, 2010

शादी समझौता है..

आज सुबह-सुबह एक बहस से सामना हो गया। सामान्यतया मैं बहस से दूर ही रहना पसंद करती हूं क्योंकि मेरा मानना है कि बहस बुद्धिजीवियों का काम है और मैं खुद को बुद्धिजीवी तो कतई नहीं मानती। पर इसे सौभाग्य कहिए या दुर्भाग्य मैं भी इस बहस में शामिल हो गई।
बहस का मुद्दा शादी और प्यार था। हमारी एक कलीग का कहना था कि प्यार एक अहसास है जबकि शादी समझौता है और जो सबसे ज्यादा समझौता करता है उसकी शादी उतनी कामयाब होती है। पर मैं भी बोल पड़ी [वैसे मैं इन मामलों में उतनी परिपक्व नहीं हूं] कि नहीं आप ऐसा नहीं कह सकते हां ये जरूर है कि शादी समझौते से शुरु होती है पर कुछ ही दिनों बाद वो प्यार का एक अटूट बंधन बन जाती है। और ऐसा नहीं कि प्यार करके शादी करने पर आपको समझौते नहीं करने पड़ते! खैर इस बहस पर कितने व्यंग्य भी हुए। आपको यह बताती चलूं कि उनकी भी अरेंज्ड मैरिज है..!